शामली/चौसाना। नोट बदलने को लेकर बुधवार को भी बैंक शाखाओं पर मारामारी रही। सुबह से ही ग्राहकों की लाइन लग गई थी। दोपहर में कई बैंक शाखाओं पर ग्राहकों ने प्रदर्शन किया। वहीं, लिलौन में बैंक शाखा के बाहर ग्राहकों ने दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर जाम भी लगा दिया।
बुधवार सुबह शामली में एमएसके रोड स्थित एसबीआई शाखा, मार्शगंज और पालिका मार्केट स्थित पीएनबी शाखा तथा बुढ़ाना रोड स्थित बैंक शाखाओं पर ग्राहकों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। बैंक शाखाओं में कैश की कमी के कारण ग्राहक काफी परेशान रहे। दोपहर तक एटीएम भी जवाब दे गए। दोपहर में लिलौन स्थित ओरियंटल बैंक शाखा पर इकट्ठा ग्राहकों ने आरोप लगाया कि तीन दिन से बैंक शाखा में कैश नहीं पहुंच रहा। बैंक कर्मी रोजाना कहते हैं कि 12 बजे के बाद कैश आएगा।
सुबह से लोग लाइन में लगते हैं। उसके बाद बैंक कर्मी कह देते हैं कि कैश नहीं आया। इसके बाद लोगों ने हंगामा कर दिल्ली सहारनपुर हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस तथा गांव के जिम्मेदार लोगों ने हंगामा करने वालों को शांत कर जाम खुलवाया। उधर, बैंक शाखा प्रबंधक विजयपाल का कहना है कि उच्चाधिकारियों को इस बारे में सूचना दी जा चुकी है।
उधर, शाम करीब छह बजे वर्मा मार्केट स्थित इंडियन बैंक के एटीएम में जब कैश भरा गया, तो वहां सैकड़ों लोग लाइन लगाकर खड़े हो गए। करीब एक घंटे तक उक्त एटीएम से रुपये निकाले गए, लेकिन सर्वर डाउन होने के चलते नोट निकलने बंद हो गए। इसके चलते ग्राहकों को मायूस होकर लौटना पड़ा। एसबीआई के एटीएम में कैश नहीं निकला। ग्राहक जमा कराने में ही लगे रहे।
डाकघरों पर कराई विशेष निगरानी ः मेरठ के सरधना क्षेत्र में डाकघर से नकदी लूट के मामले को लेकर शामली में भी पुलिस सक्रिय हो गई। वहीं, पुलिस अधीक्षक डाॅ. अजयपाल शर्मा ने बताया कि बुधवार सुबह पुलिसकर्मियों की पांच टीम गठित करके जिले भर के डाकघरों पर निगरानी के लिए लगाई गईं। सभी थानाध्यक्षों को भी निर्देशित किया गया कि सुरक्षा के लिहाज से बैंक शाखाओं पर निगरानी रखें तथा डाकघरों पर भी पूरी सक्रियता बरती जाए।
उधर, चौसाना स्थित पीएनबी बैंक में मंगलवार की शाम को कैश खत्म होने के कारण लाइन में लगे ग्राहकों को टोकन वितरित कर दिए गए थे। जिसके बाद ग्राहकों को बुधवार को आकर रुपये लेने की सलाह दी गई थी। बुधवार को भी ऐसे ग्राहकों को निराश होकर बैंक से पैसे लिए बगैर ही लौटना पड़ा। करीब बारह बजे के बाद कैश की कमी के कारण बैंक कर्मियों ने ग्राहकों से दो दो हजार रुपये लेने का आग्रह किया। इस पर ग्राहकों ने हंगामा कर दिया। बैंक पर मौजूद दयाल सिंह दारोगा ने ग्राहकों को धैर्य से काम लेने की सलाह देकर किसी तरह शांत किया।