कैराना। नगर के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता ने महिला थाना के माध्यम से कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका निकाह 26 फरवरी 2023 को छपरौली निवासी मोमीन अली के साथ हुआ था।
ससुराल वाले अतिरिक्त दहेज में कार और 2 लाख की मांग करते थे। मांग पूरी नहीं होने पर 17 मार्च 2024 को उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया था। इसके बाद वह मायके में रह रही थी। 12 अप्रैल 2024 को उसका पति मोमीन, सास साबरा, ससुर जहूर हसन, ननद रिहाना, ननदोई इरफान, जेठ इरफान और जेठानी सोनिया गाड़ी द्वारा उसके मायके आए तथा गाली गलौज करते हुए उससे 2 लाख रुपये और कार की मांग करने लगे। उसके द्वारा इनकार करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की तथा गले में चुनरी डालकर हत्या का प्रयास किया। उसके परिवार के लोगों के आ जाने के बाद आरोपी तलाक देने की धमकी देते हुए फरार हो गए। महिला थाना की रिपोर्ट पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली। संवाद
किशोरी से यौन शोषण में रिपोर्ट
कैराना। क्षेत्र के एक गांव निवासी ने कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 10 फरवरी की रात उसकी 14 वर्षीय पुत्री घर पर सोई हुई थी। इस दौरान गांव के ही एक युवक ने उसे फोन करके घर से बुलाया। आरोपी उसकी पुत्री को बहला फुसलाकर जंगल में ले गया और उसके साथ यौन शोषण किया। बाद में पुत्री ने घर पर आकर सारी बात बताई। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी।संवाद