शामली। चुनाव के साथ ही शादियों के सीजन में यात्रियों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। विभिन्न रूटों पर बसों की कमी के चलते यात्रियों को घंटों तक बसों का इंतजार करना पड़ता है। टेंपो व डग्गामार वाहनों के सहारे यात्री गंतव्य तक पहुंच रहे हैं। ऐसे में टेंपो चालक और डग्गामार वाहन भी जमकर चांदी काट रहे हैं। रविवार को भी प्राइवेट बसें भी विभिन्न रूटों पर काफी कम रही। जिसके चलते यात्रियों को अपनी मंजिल तक पहुंचने के लिए काफी दिक्कतें उठानी पड़ी।
सभी रूटों पर रही किल्लत
रविवार को प्राइवेट बसें शादी में जाने की वजह से सभी रूटों पर बसों की किल्लत रही। विजय चौक, गुरुद्वारा, दिल्ली बस अड्डा, झिंझाना रोड पर यात्री बसों के लिए परेशान दिखाई दिए। काफी देर तक बसों का इंतजार करने के बाद कई यात्री डग्गामार वाहनों से मंजिल की ओर रवाना हुए।
94 में से 16 बस ही विभिन्न रूटों पर चली
विभिन्न रूटों पर चलने वाली 94 बसों में से 16 ही सोमवार को संचालित हुई। बाकी बसें शादियों में गई हुई थी। बुढ़ाना रोड पर 15 प्राइवेट बसों का संचालन होता है। जिनमें से रविवार को सिर्फ एक बस ही चली। मुजफ्फरनगर रूट पर 40 में 5 बसें ही उपलब्ध थी। इसके अलावा कैराना और झिंझाना की 12-12 में से 3-3 और झिंझाना की 12 में से चार बसें ही इन रूटों पर चली। जिसकी वजह से यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
यात्रियों की परेशानी, उनकी जुबानी
मुझे बड़ौत जाना था, करीब सवा घंटे से बस का इंतजार कर रहा हूं। अब लगता है किसी डग्गामार से ही बड़ौत जाना पड़ेगा। पुनीत नामदेव, शामली।
मुझे नानौता रिश्तेदारी में एक शादी में जाना था। कंडेला से ट्रैक्टर में बैठकर शामली आया, अब आगे के लिए बस नहीं मिल रही है। अजय कुमार, कंडेला।
हमें परिवार सहित शादी में मुजफ्फरनगर जाना था। कैराना से बस न मिलने पर यहां तक ई-रिक्शा में आए। अब मुजफ्फरनगर की बस नहीं मिल रही है। प्रमोद जैन, कैराना।
अधिकतर बसें शादी-ब्याह में गई हुई हैं। जिसकी वजह से यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जितनी बसें उपलब्ध हैं, उनका संचालन कराया जा रहा है। अरविंद कुमार, प्राइवेट बस यूनियन एजेंट।
-----
रविवार को इतनी प्राइवेट बस रही उपलब्धबुढ़ाना रोड पर 15 गाड़ी में से 1 उपलब्ध
मुजफ्फरनगर 40 में से 5 उपलब्ध
कैराना में 12 में से 3 उपलब्ध
झिंझाना में 12 में से 3 उपलब्ध
ऊन में 12 में से 4 उपलब्ध