झिंझाना के गांव मसूरा में बाउसरो के साथ प्रत्याशी ईशवर सिंह
- फोटो : SHAMLI
बाउंसरों के साथ प्रत्याशी का फोटो वायरल, गिरफ्तार
शामली/बाबरी। थाना झिंझाना पुलिस ने बाउंसरों के साथ सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने वाले जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी ईश्वर सिंह को गिरफ्तार किया है। उधर, बाबरी थाने पर जिला पंचायत सदस्य पद के रालोद समर्थित प्रत्याशी उमेश मलिक व समर्थकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पर फोटो वायरल हो रहा था। वायरल फोटो में गांव डोकपुरा में जिला पंचायत सदस्य पद प्रत्याशी ईश्वर सिंह द्वारा बाउंसरों के साथ चुनाव प्रचार करते हुए मतदाताओं को डराने ,धमकाए जाने और चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन किए जाने की जानकारी हुई। इस मामले में झिंझाना पुलिस ने प्रत्याशी ईश्वर सिंह को गिरफ्तार कर लिया और उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया। प्रत्याशी के साथ बाउंसरों के बारे में जानकारी की जा रही है।
उधर, थाना बाबरी पर एसआई रामपाल सिंह की तरफ से जिला पंचायत सदस्य पद के रालोद प्रत्याशी समर्थित उमेश मलिक, अशरफ अली और योगेंद्र सिंह व समर्थकों के विरुद्ध आचार संहिता के उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में प्रत्याशी व समर्थकों द्वारा 15-20 गाड़ियों के काफिले के साथ गांव खानपुर, हाथी करौंदा व कासमपुर में चुनाव प्रचार करना पाया गया। इसके अलावा कांधला पुलिस ने अवैध शराब के मामले में वांछित गांव भभीसा निवासी बिजेंद्र को गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया आरोपी बिजेंद्र, गांव में प्रधान पद की प्रत्याशी सतवीरी का समर्थक है। उसके तीन साथी पूर्व में गिरफ्तार हो चुके हैं।