शामली। जनपद के नौ परीक्षा केंद्रों पर शनिवार को सीबीएसई इंटरमीडिएट की गणित विषय की परीक्षा हुई। 26 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षार्थियों ने गणित का पेपर काफी कठिन बताया। कैल्कूलस के प्रश्नों में परीक्षार्थी उलझे।
सीबीएसई जिला समन्वयक आशु त्यागी ने बताया कि गणित विषय की परीक्षा होने पर सभी केंद्र प्रभारियों को अलर्ट रखा गया। सभी केंद्रों पर कंट्रोल रूम से विशेष निगरानी रखी गई। सचल दलों द्वारा भी सभी केंद्रों पर चेकिंग अभियान चलाया गया, किसी भी केंद्र पर कोई नकलची नहीं मिला।
उन्होंने बताया कि परीक्षा में सभी केंद्रों पर 1081 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे, इनमें से 1055 ने परीक्षा दी और 26 परीक्षा से अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्वक व नकलविहीन आयोजित हुई।
केस स्टडी के प्रश्न कठिन, एमसीक्यू के सरल आए : परीक्षा देकर सरती देवी राजाराम स्कूल से बाहर आए परीक्षार्थियों से प्रश्नपत्र को लेकर बात की गई तो अधिकतर छात्रों ने पेपर काफी कठिन बताया।
छात्र देव ने बताया कि पेपर 80 नंबर का था, पेपर में कैल्कूलस के प्रश्न काफी कठिन रहे। रक्षित ने बताया कि पेपर में केस स्टडी के प्रश्न भी काफी कठिन थे। काफी प्रश्न दिए गए थे। उसे केवल 50 नंबर आने की उम्मीद है। वंशराज ने बताया कि पेपर मध्यम रहा।, पेपर में एमसीक्यू के 20 प्रश्न काफी सरल रहे, जिसमें पूरे अंक आने की उम्मीद है। दक्ष मलिक ने बताया कि आधा पेपर सरल रहा और आधा कठिन रहा। उसका पेपर ठीक हुआ है।