तहसील के सामने क्रॉस जंक्शन की सीमा से लेकर साईंधाम मंदिर से करोड़ी रोड तक बाईपास का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। करोड़ी मोड़ से सहारनपुर रोड को मिलाने वाले बाईपास पर मिट्टी कार्य पूरा होने के बाद रोड़ी-तारकोल डालकर पक्का होना शेष है। अगले सप्ताह में सहारनपुर रोड से लेकर तहसील तक बाईपास कार्य पूरा होगा।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के बाईपास का शामली तहसील के क्रॉस जंक्शन निर्माण के लिए मिट्टी डालकर कार्य किया जा रहा है। मई माह के आखिर तक तहसील का क्रॉस जंक्शन कार्य पूरा होने की उम्मीद है। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे का निर्माण कर रही मेरठ की कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी के प्रबंधक जितेंद्र बालियान ने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर हाईवे के बाईपास की जद में बलवा के रेलवे क्रासिंग पर फ्लाईओवर और सेहटा में फ्लाईओवर कार्य मे करीब ढाई माह का समय लगेगा। इसी माह मेरठ-करनाल हाईवे पर सिंभालका फ्लाईओवर, तहसील के सामने क्रॉस जंक्शन समेत बाकी कार्य पूरा हो जाएगा।
यह भी पढ़ें: ईद पर मातम में बदलीं खुशिया: तीन घरों से एकसाथ उठे चार जनाजे, एक परिवार के बुझ गए दोनों चिराग
क्रॉस जंक्शन का नहीं भेजा डिजाइन
तहसील के सामने से शुरू हो रहा बनत बाईपास ज्यादा ऊंचा होने से बनत और शामली जाने वाला पानीपत-खटीमा मार्ग काफी नीचे हो गया है। पानीपत-खटीमा मार्ग नीचा होने से बरसात के दौरान मुख्य मार्ग का पानी तहसील में भरने की आशंका बढ़ गई है। यदि पानीपत-खटीमा हाईवे का निर्माण कर रही जीआर कंपनी ने मार्ग को ऊंचा किया तो बरसात में तहसील में पानी भर जाएगा।
इससे आम लोगों के साथ अधिकारियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। एनएचएआई के अफसरों ने जीआर कंपनी को तहसील के पास क्रॉस जंक्शन का निरीक्षण करके डिजाइन तैयार करने के निर्देश दिए थे। एक माह बाद भी जीआर कंपनी ने शामली जंक्शन का डिजाइन तैयार करके नहीं भेजा है।