व्यापारी और उद्यमियों ने उद्योग मंत्री से मांगा पैकेज
शामली। व्यापारी नेता और कान फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष घनश्याम दास गर्ग ने बताया कि फेडरेशन के बैनर पर देश के सभी राज्यों के व्यापारी प्रतिनिधियों से केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए रूबरू हुए।
इसमें प्रदेश में व्यापारी प्रतिनिधि के रुप में वह और प्रदेश महामंत्री तिलक राज अरोड़ा ने भाग लिया। उन्होंने व्यापारियों को कोरोना सेनानी कहा। गर्ग के अनुसार उन्होंने मंत्री को बताया कि उत्तर प्रदेश में लगभग 4000 रसोई जरूरतमंदों के भोजन के लिए कार्य कर रहीं हैं। केंद्रीय मंत्री से व्यापारियों के लिए इस संकट की घड़ी में आर्थिक पैकेज जारी करने की मांग की गई। साथ ही वर्तमान स्थिति में विद्युत बिलों में फिक्स चार्ज समाप्त करने तथा उद्योगों के विद्युत बिलों में चार्ज नहीं लगाने की मांग रखी । विभिन्न राज्यों के व्यापारी नेताओं ने कहा कि व्यापारियों को वैधानिक भुगतान में 30 से 60 दिनों की छूट अवधि के लिए अनुमति दी जाए तथा कर्मचारियों के वेतन का भुगतान ईएसआई से किया जाए।