गढ़ीपुख्ता। बरात की बस और कार की हुई भिड़ंत में पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है।
रविवार रात एक बस शाहपुर से बरात लेकर चौसाना जा रही थी। जैसे ही बस गांव कच्चीगढ़ी के निकट पहुंची तो बस की सामने से आ रही कार से टक्कर हो गई। इस दौरान कार सवार मुजफ्फरनगर निवासी कालू, प्रमोद, रामपाल, प्रमोद व सोनू घायल हो गए। बस के किसी भी बराती को कोई चोट नहीं आई। हादसा होने से मौके पर अफरातफरी मच गई। शोरशराबा होने से मौके पर ग्रामीणों व बरातियों ने घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को कस्बे के सामुदायिक चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने मौके से बस के चालक को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस ने दूसरे वाहन से बरातियों को भेजा। पुलिस का कहना है कि कार सवार लोग ऊन में अपनी रिश्तेदारी से मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। पीड़ित पक्ष की तरफ से देर शाम तक कोई तहरीर नहीं दी गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
मूंगफली विक्रेता की दुकान में लगी आग
गढ़ीपुख्ता। कस्बा निवासी मुजीम ने बताया कि वह मूंगफली की दुकान करता है। रविवार रात वह दुकान बंद करके घर चला गया था। रात में ही अज्ञात कारणों से दुकान में आग लग गई। इससे उसका हजारों का नुकसान हो गया। पीड़ित ने बताया कि वह इस संबंध में मंगलवार को तहसीलदार को शिकायत कर मुआवजे की मांग करेंगे।