शामली। कैराना रोड पर दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के परिजनों को इसकी सूचना दे दी। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया है।
मोनू पुत्र रियासत निवासी मोहल्ला नानूपुरा शामली की ओर से कैराना की ओर जा रहा था। बताया जाता है कि सामने की ओर से तेज गति से आ रही एक बाइक ने उसकी बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी। इस हादसे में मोनू की गर्दन में चोट लगने के कारण मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक सवार दोनों युवक मौके से बाइक लेकर फरार हो गए। हादसे की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी कुलदीप मौके पर पहुंचे और युवक की शिनाख्त कर इसकी सूचना उसके परिजनों को दी। जिससे मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। बताया जाता है कि मोनू के परिजन रुड़की गए हुए हैं जो सूचना लगते ही वहां से चल पड़े।
पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल में भिजवाया, जहां पर उसको पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी चल रही है। वहीं, पुलिस के अनुसार तहरीर आते ही कार्रवाई की जाएगी।