शामली। उत्तर प्रदेश ग्राम विकास बैंक लिमिटेड में शाखा प्रतिनिधियों के चुनाव का बिगुल बज गया है। प्रदेशभर की 323 शाखाओं में होने वाले चुनाव के लिए निर्वाचन आयुक्त राजमणि पांडेय ने चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया है। चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जिले की दो शाखाओं के लिए जोड़-तोड़ का दौर भी शुरू हो गया है। जिले में कुल 7316 किसान मतदान करेंगे।
उत्तर प्रदेश ग्राम विकास बैंक किसानों के लिए एक महत्वपूर्ण वित्तीय संस्था है, जो विभिन्न मदों में ऋण उपलब्ध कराकर कृषि और ग्रामीण विकास को बढ़ावा देती है। जिले में बैंक की शामली और झिंझाना शाखाएं हैं। इन दोनों शाखाओं में कुल 7316 किसान सदस्य हैं, जिनमें शामली शाखा में 456 और झिंझाना शाखा में 6860 किसान मतदाता शामिल हैं, जो चुनाव में अपनी भूमिका निभाएंगे। बृहस्पतिवार को जिले की दोनों शाखाओं में मतदाता सूची का अनंतिम प्रकाशन किया गया। राजनीतिक दल और संभावित प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने और मजबूत उम्मीदवार मैदान में उतारने के लिए सक्रिय हो गए हैं।
शाखा प्रतिनिधियों के चुनाव का कार्यक्रम
16 जनवरी : अनंतिम मतदाता सूची पर आपत्ति
19 जनवरी : आपत्ति निस्तारण एवं प्रदर्शन
20 जनवरी : नाम निर्देशन पत्र दाखिल
21 जनवरी : जांच एवं वैध प्रपत्रों का प्रदर्शन
22 जनवरी : नाम वापसी एवं चुनाव चिह्न आवंटन
27 जनवरी : सुबह 8 बजे से मतदान, शाम 4 बजे के बाद मतगणना
प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्यों का चुनाव
छह से 16 फरवरी तक प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्यों की निर्वाचन प्रक्रिया की जाएगी। 17 फरवरी को सभापति, उपसभापति एवं अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों की चुनाव प्रक्रिया संपन्न होगी।
शामली सीट भाजपा के खाते में जाने की संभावना
शामली। चुनाव को लेकर भाजपा और रालोद ने अभी तक अपने संभावित प्रत्याशियों के नाम तय नहीं किए हैं। सूत्रों के अनुसार शामली शाखा भाजपा जबकि झिंझाना शाखा रालोद के खाते में जा सकती है। वहीं सपा और कांग्रेस भी अपने प्रत्याशी उतार सकती हैं। संभावित प्रत्याशी तैयारियों में जुट गए हैं।
चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बीडीओ को चुनाव अधिकारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। 27 जनवरी को मतदान कराया जाएगा।
— शुभम मलिक, एआर को-ऑपरेटिव