शामली एसपी ऑफिस के बाहर धरने पर बैठे बसपा कार्यकर्त
- फोटो : अमर उजाला
शामली। बाबरी के बीडीसी सोनू हत्याकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने के विरोध में बसपा नेताओं के साथ पहुंचे परिजनों ने एसपी दफ्तर पर धरना दिया। आरोप है कि परिजनों को फरार आरोपी जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
गत एक फरवरी को बाबरी निवासी बीडीसी सोनू की हत्या कर दी गई थी। परिजनों ने सपा नेता व जिला पंचायत सदस्य अनिल टीनू, शेरसिंह राणा, संजीव शर्मा, वेदव्यास व सुधीर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। इस मामले में पुलिस ने वेदव्यास व सुधीर को गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। शेष आरोपी पुलिस रिकॉर्ड में फरार चल रहे हैं। आरोप है कि ये आरोपी प्रशासनिक दफ्तरों व अन्य कार्यक्रमों में आरोपी आते जाते रहते हैं। इसके बावजूद भी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया।
बृहस्पतिवार को बसपा नेताओं के साथ पीड़ित परिजन एसपी दफ्तर पर पहुंचे। इस दौरान परिजनों ने एसपी दफ्तर पर धरना दिया। परिजनों का आरोप था कि हत्यारोपी उन्हें धमकी दे रहे हैं। पुलिस से शिकायत करने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इस दौरान बसपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि दस दिन के अंदर आरोपी गिरफ्तार नहीं किए गए, तो गांव में पंचायत की जाएगी।
धरने पर पहुंचे बसपा नेता राव वारिस ने कहा कि एससी-एसटी आयोग की ओर से पीड़ित परिजनों को मुआवजा मिल चुका है। जिससे घटना की पुष्टि होती है, लेकिन पुलिस सत्ता के दबाव में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर रही है। एडिशनल एसपी अनिल कुमार झा ने परिजनों को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।
साथ ही धमकी देने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने व पीड़ित परिवार को सुरक्षा मुहैया कराने के निर्देश दिए। बसपा जिलाध्यक्ष अरविंद झाल, ग्राम प्रधान बाबरी अनंगपाल, वेदपाल गहलौत, अशरफ अली, हाजी अनवर, धनीराम आदि रहे।