कांधला। थाना कांधला क्षेत्र में किवाना मार्ग पर रेलवे फाटक के पास असंतुलित होकर बाइक गिरने से बीएसएफ का जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की मदद से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जवान की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
थाना क्षेत्र के गांव जसाला निवासी मोनू पुत्र साहब सिंह बीएसएफ में था। परिवार के लोगों के अनुसार मोनू की तैनाती असम में थी। मोनू की पत्नी संगीता भी बीएसएफ में है। दोनों होली पर्व के लिए 15 दिन की छुुट्टी लेकर घर आए हुए थे। संगीता कई दिन पूर्व अपने मायके सहारनपुर में चली गई थी। सोमवार शाम ट्रेन से वह कांधला लौट रही थी। संगीता ने कॉल करके मोनू को रेलवे स्टेशन बुलाया था। इसके बाद मोनू घर से बाइक लेकर अपनी पत्नी संगीता को कांधला रेलवे स्टेशन से लेने के लिए जा रहा था।
परिजनों के अनुसार किवाना मार्ग पर रजवाहे के पास बाइक अचानक असंतुलित होकर गिर गई। जिसके कारण मोनू स़डक किनारे जा गिरा, उसके सिर में गहरी चोट लगी। पीछे आ रहे बाईक सवार दो युवकों ने घायल मोनू को कस्बा कांधला के राजकीय अस्पताल में पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने मोनू को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी पुलिस के द्वारा जवान के परिजनों को दी गई। सूचना पर दर्जनों ग्रामीणों के साथ परिवार के लोग चिकित्सालय पहुंच गए। मोनू की मौत की सूचना मिलते हीं परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया। जवान के शव को देखकर मोनू का पिता बेहोश हो गया। बाद में उसे जिला चिकित्सालय भर्ती कराया गया।