जलालाबाद। कसबे के गंगोह चौराहे के पास बुधवार को रोडवेज बस के ब्रेक फेल हो गए। बस ई रिक्शा और बाइक में जा टकरा गई। जिसके कारण बाइक सवार हिंड गांव के पूर्व प्रधान 44 वर्षीय आसिफ पुत्र शमशाद की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया।
बुधवार को शामली से आ रही रोडवेज बस ने जलालाबाद पुलिस चेक पोस्ट के निकट बने बस स्टैंड पर रुकी थी कुछ सवारियों को उतारा जबकि कुछ सवारियों को बस में चढाकर जैसे ही आगे बढ़ी तो गंगोह चौराहे के निकट अचानक रोडवेज बस के पावर ब्रेक और पावर सिस्टम फेल हो गया। इस दौरान ड्राइवर ने बस को रोकने का प्रयास किया परंतु ब्रेक नहीं लग सके। जिस कारण बस ने बाइक और एक ई रिक्शा बस की चपेट में ले लिया। बस की टक्कर लगने से ई रिक्शा पलट गई जबकि बाइक पर सवार हिंड के पूर्व प्रधान आसिफ (44) पुत्र शमशाद और झिंझाना निवासी आसिफ पुत्र इकराम बस की चपेट में आ गए। बस की चपेट में आने से बाइक और ई रिक्शा कई मीटर तक घसीटते चले गए। पूर्व प्रधान आसिफ की मौके पर मौत हो गई है जबकि बाइक पर सवार उनके साथी आसिफ गंभीर रूप से घायल हो गया।
ई रिक्शा चालक ने ई रिक्शा पलटने से पूर्व कूद कर जान बचाई। बस रुकने के तुरंत बाद बस ड्राइवर और कंडक्टर भाग कर जलालाबाद पुलिस चौकी में घुस गए और अपनी जान बचाई। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल एवं मृतक को लेकर थानाभवन चिकित्सालय पहुंची।