जलालाबाद के श्री राम मंदिर प्रांगण में आयोजित बैठक में शामिल ब्राह्मण समाज के लोग । संवाद
जलालाबाद। कस्बे के राम मंदिर प्रांगण में ब्राह्मण समाज के लोगों की बैठक हुई। बैठक में सभासद राकेश शर्मा, उनके भाई आदेश शर्मा पर नगर पंचायत के कर्मचारी द्वारा मुकदमा दर्ज कराने पर रोष जताया। कहा कि मुकदमा पूरी तरह से फर्जी दर्ज कराया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित पक्ष की तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज कराने की मांग उठाई।
बैठक की अध्यक्षता पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष आचार्य डाॅक्टर मुकेश शास्त्री और संचालन सुभाष शर्मा ने किया। डॉक्टर मुकेश शास्त्री ने कहा कि नगर पंचायत के निर्वाचित सभासद राकेश शर्मा द्वारा लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए स्वकर प्रणाली का विरोध किया जा रहा था इस बात से नाराज होकर नगर पंचायत के कुछ लोगों द्वारा षड्यंत्र रचकर फर्जी मुकदमा कराया गया है।
ब्राह्मण समाज मुकदमों से घबराने वाला नहीं है। ब्राह्मण समाज का हर व्यक्ति समाज के पीड़ित परिवार के संघर्ष में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा है। आने वाले चुनाव में उन लोगों का बहिष्कार करेगा जो लोग अब समाज के साथ नहीं हैं। कहा कि यदि जल्द ही पीडि़त पक्ष की शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं हुआ तो समाज बड़ी पंचायत करने को मजबूर होगा। इस अवसर पर सुभाष शर्मा, बारूमल शर्मा, योगेश शर्मा, कमलदीप शर्मा, एडवोकेट जितेंद्र शर्मा, बॉबी शर्मा, पंडित राधेश्याम शर्मा, जितेंद्र शर्मा, नरेश शर्मा आदि शामिल रहे।