मौसम का मिजाज शनिवार सुबह एक बार फिर बदल गया। सुबह शुरू हुई बूंदाबांदी और ठंडी हवाओं ने फिर से मौसम में ठिठुरन बढ़ा दी। मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को भी बादल छाए रहेंगे और बूंदाबांदी की संभावना है।
पिछले 20 दिनों से मौसम पल पल बदल रहा है। शनिवार सुबह साढ़े 9 बजे के लगभग बूंदाबांदी शुरू हुई। एक घंटे तक बूंदाबांदी जारी रही। 11 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बर्फीली हवाओं के चलने से मौसम ठंडा हो गया। बूंदाबांदी के बाद दिन का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, सरदार बल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉक्टर यूपी शाही ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ अक्सर दिसंबर, जनवरी और फरवरी में आता है। इस बार जाड़े के मौसम में देर से पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी-बारिश से मौसम में बदलाव हो रहा है। लगातार बारिश के कारण सरसों, आलू, मटर में नुकसान है। मौजूदा समय में आलू की खोदाई का समय है। बूंदाबांदी से आलू की खोदाई प्रभावित हो रही है। गेहूं और गन्ने की फसल के लिए बारिश मुफीद है। रविवार-सोमवार को एक बार फिर बादल छाए रहने और बूंदाबांदी की संभावना। मंगलवार को आकाश में बादल छा रहेंगे। बुधवार को मौसम साफ होने की संभावना है। पूर्वी यमुना नहर खंड के उपराजस्व अधिकारी अंबुज कुमार के अनुसार शनिवार को दो एमएम बारिश रिकार्ड की गई है।