- दो माह पहले पानीपत के मुनीम से जीएसटी अधिकारी बनकर लूटे थे 32 लाख रुपये
- दिल्ली के मुंडाली जिला कारागार से आरोपियों को दो दिन के रिमांड पर लाकर पुलिस ने की पूछताछ
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। पानीपत के धागा व्यापारी के मुनीम से दो माह पहले 32 लाख रुपये की लूट की घटना में शामिल दो आरोपियों को पुलिस ने रिमांड पर लाकर पूछताछ की। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बुलेरो, लूटा गया मोबाइल और 76,500 रुपये बरामद किए।
हरियाणा के पानीपत के धागा व्यापारी के मुनीम अनिल नरवाल निवासी कहलपा थाना बरोदा जिला सोनीपत हरियाणा से तीन जून की शाम को भारत सरकार स्टीकर लगी बुलेरो और वैगनआर कार सवार बदमाशों ने जीएसटी अधिकारी बताकर 32 लाख रुपये से भरा बैग, एप्प्पल का मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड लूट लिए थे। उस समय मुनीम कार से चालक सतनाम सिंह निवासी पानीपत के साथ मेरठ से रुपये का कलेक्शन करके पानीपत लौट रहे थे।
लूट की घटना में शामिल सागर और बॉबी निवासी गांव भेड़ापुर जिला बागपत पिछले महीने दिल्ली में भजनपुरा थाने से बाइक चोरी के मामले में गिरफ्तार कर जेल चले गए थे। दोनों आरोपी मंडोली जिला कारागार में बंद हैं।
शामली पुलिस ने न्यायालय से स्वीकृति मिलने पर बुधवार को दोनों आरोपियों को जिला कारागार से दो दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की। एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर जलालाबाद से हसनपुर लुहारी मार्ग पर जंगल में झाड़ियों में छिपाई गई घटना में प्रयुक्त बुलेरो और उसमें रखा मोबाइल फोन और 76,500 रुपये बरामद किए हैं।
इस घटना में पुलिस ने पिछले महीने मोहित, शुभम उर्फ गौरव निवासी गावं भेड़ापुर थाना चांदीनगर जिला बागपत, गुलशन निवासी वैशाली गाजियाबाद, रवि व अमरजीत निवासी बंथला लोनी जिला गाजियाबाद व राहुल को पूर्व में गिरफ्तार कर दस लाख रुपये बरामद किए थे। पांच दिन पहले जिला कारागार बागपत से रोहन निवासी खैला थाना चांदीनगर को बागपत जिला कारागार रिमांड पर लाकर लूट के 50 हजार रुपये बरामद किए थे। तीन दिन पहले सोमवार रात को पुलिस ने मुठभेड़ में लुकमान उर्फ लुक्की निवासी गांव भनवाड़ा थाना रतनपुरी जिला मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार कर 55 हजार रुपये बरामद किए थे।