निखिल की मौत पर बिलखते परिजन। संवाद
- फोटो : Archive
थानाभवन। भनेड़ा उद्दा गांव में मंगलवार सुबह अमरूद के पेड़ पर 19 वर्षीय निखिल का शव फंदे से लटका मिला। घटनास्थल पर शव के पास शराब का भरा हुआ पाउच, नमकीन का पैकेट और पानी की बोतल भी पड़ी मिली। परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।
भनेड़ा उद्दा निवासी किसान राजेंद्र सिंह का बेटा निखिल काफी समय से बीमारी से ग्रस्त था। शामली के अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था। मृतक के चाचा विकास ने बताया कि सोमवार शाम को निखिल घर से कहीं चला गया था। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह उसका शव पेड़ पर लटका मिला।
चाचा विकास का कहना है कि निखिल की हत्या कर शव को पेड पर लटकाया है। इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि किसी से कोई रंजिश नहीं थी। एएसपी सुमित का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत के सही कारणों का पता लग सकेगा।
छह माह पहले हो गया था लापता
मृतक के चाचा विकास ने बताया कि निखिल छह माह पहले भी एक बार घर से लापता हो गया था। उस समय उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। बाद में वह आ गया था।
परिवार में दूसरे नंबर का था निखिल
निखिल की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे। परिवार में दो भाई और दो बहनें हैं। निखिल भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था।
निखिल की मौत पर बिलखते परिजन। संवाद- फोटो : Archive