-मंगलवार से शुरू होगा परीक्षा केंद्रों का सत्यापन कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। बोर्ड परीक्षा 24 फरवरी से शुरू होनी है। परीक्षा में कोई कमी नहीं रह जाए, इसके लिए डीआईओएस विद्यालयों का फिर से सत्यापन करेंगे। उद्देश्य इतना है कि परीक्षा के दिन व्यवस्थाएं चाक चौबंद मिलें। इसके लिए सभी 35 परीक्षा केंद्रों को पत्र भेजकर व्यवस्थाओं की बिंदुवार जानकारी मांगी गई है। मंगलवार से इनका सत्यापन किया जाएगा।
बोर्ड परीक्षा केंद्र बनाने से पूर्व कॉलेजों का सत्यापन किया गया था। साथ ही उनकी बेहतर व्यवस्था को देखते ही इनको परीक्षा केंद्र बनाया गया है। परीक्षा केंद्र बने लंबा वक्त बीत गया है। ऐसे में डीआईओएस ने एक बार फिर सभी स्कूलों का निरीक्षण करने की व्यवस्था बनाई है।
डीआईओएस जेएस शाक्य ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्र बने कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर भौतिक संसाधनों की जानकारी मांगी गई है। इनको सोमवार तक कॉलेज में सीसीटीवी, वाइस रिकॉर्डर, इंटरनेट की सुविधा, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर आदि की परीक्षा के लिए जरूरी संसाधनों की जानकारी देनी होगी। इनमें से कोई कमी है तो दुरुस्त करा लें। इसके बाद भी कॉलेज में अव्यवस्था पाई गई तो विद्यालयों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।