शामली। सर्दी के मौसम में ब्लड प्रेशर, काेलेस्ट्राल, शुगर के मरीजों को सावधानी बरतने की जरूरत है। इस तरह के मरीजों को हार्ट अटैक होने का खतरा ज्यादा रहता है। इसलिए इस तरह के मरीजों को ज्यादा सावधानी बरतने की जरूरत है। जिला अस्पताल में इस तरह के 70-80 मरीज आ रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि अगर सीने में दर्द या भारीपन होता है तो उसे नजरअंदाज न करें। चिकित्सक की सलाह से जांच करानी चाहिए। चिकित्सक खानपान में सावधानी के साथ ठंड से बचाव की मरीजों को सलाह दे रहे हैं।
डॉ. समद अली ने बताया कि रात को सोते समय सीने में दर्द या भारीपन होता है तो इसमें लापरवाही न बरतें। इसे गैस आदि समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सीने में दर्द के साथ घबराहट, बैचेनी, पसीना, दिल की धड़कन व कमजोरी महसूस होने आदि लक्षण नजर आए तो अस्पताल पहुंचकर चिकित्सक की सलाह से जांच व उपचार कराना चाहिए। मोटापा वाले मरीजों को वजन पर ध्यान रखना चाहिए।
उन्होंने बताया कि ठंड के मौसम में ब्लड प्रेशर की जांच कराते रहे और नियमित रूप से दवा लेते रहें। ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहने और घर के अंदर ही नियमित व्यायाम करें। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया सर्दी के मौसम में ब्लड प्रेशर, शुगर और कोलेस्ट्राल के मरीज बढ़े हैं। सभी मरीजों की जांच कर दवा दी जा रही है।