फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भाजपा, सपा, बसपा पर बरसे अजित

Sat, 04 Feb 2017 12:05 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
थानाभवन में रालोद की रैली को संबोधित करते चौधरी अजित सिंह। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
शामली। रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह ने कहा कि भाजपा ने देश का बर्बाद कर दिया। किसान, गरीब, मजदूर और व्यापारी सब परेशान हैं। अपनी खुद्दारी बचानी है, तो भाजपा का खात्मा कर दो। उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश से भाजपा का सफाया रालोद करेगी और उसकी लहर पूर्वांचल तक जाएगी। 
विज्ञापन


शुक्रवार को थानाभवन में टेलीफोन एक्सचेंज के सामने स्थित मैदान पर जनसभा हुई। उसमें रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह ने कहा कि यह चुनाव कई मायने में अहम है, तय होगा कौन हुकूमत करेगा और कौन जनता का हितैषी है। उन्होंने कहा कि जो आप लोगों पर नजर उठाएगा, वो बचने वाला नहीं है। केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा सरकार को ढाई साल हो गए, खातों में 15 लाख रुपये नहीं आए, दो करोड़ नौकरी नहीं मिलीं, किसानों को फसलों का वाजिब दाम नहीं मिला। भाजपा ने झूठे वादे करके जनता को फंसाया, मगर अब जनता बहकावे में नहीं आने वाली। 

मुजफ्फरनगर के सांप्रदायिक दंगे पर कहा कि भूल जाओ जो हुआ गलत हुआ, अब अपना भविष्य बनाना है, तो एकता लाओ। उन्होंने कहा इस क्षेत्र में 1947 और 1992 में भी दंगा नहीं हुआ। कुर्सी के लालची नेताओं ने लोगों को आपस में लड़ा दिया, पर अब जनता बेवकूफ नहीं बनेगी। अपने दुश्मन को पहचानो, तभी तो उसका खात्मा कर पाओगे। आपस में दंगा नहीं करोगे, दंगा करना है तो भाजपा के खिलाफ करेंगे। मुजफ्फरनगर में दंगे के बाद सब चौपट हो गया। यहां एक ही तरह की सोच वाले लोग रहते हैं, पुरानी राजनीतिक ताकत वापस पाना चाहते हो, तो एक हो जाओ। उन्होंने कहा कि रालोद ने हमेशा ही किसानों, नवयुवकों की तरक्की और भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ी। 
विज्ञापन


समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव घोषणा पत्र जारी करते हैं, मगर पांच साल पूर्व भी जो वादे किए थे वह पूरे नहीं हुए। प्रदेश सरकार ने चीनी मिलों का 1200 करोड़ रुपये का ब्याज माफ कर दिया, मगर किसानों को कुछ नहीं दिया। गांव में किसान के पास पैसा होगा, तो मजदूर को मजदूरी मिलेगी, व्यापारी का काम चलेगा, स्कूल चलाने वाले को पैसा मिलेगा। नोटबंदी पर छोटे चौधरी बोले कि प्रधानमंत्री ने देश की अर्थव्यवस्था ही चौपट कर दी। लोग अपना पैसा भी बैंक से नहीं निकाल पाए। आज किसान परेशान हैं। गन्ने का भाव नहीं मिला, धान का दाम नहीं मिला, अब गेहूं भी बाहर से मंगाया जा रहा है। 

मोदीजी सिर्फ गलत बयानबाजी करते हैं, भाषण बहुत अच्छा देते हैं, मगर अब जनता उनकी बातों में नहीं आएगी। वहीं, बसपा के खिलाफ कहा कि माया की माया के चक्कर में मत आ जाना। इनसे पूर्व में पूर्व मंत्री डॉ. मेराजुद्दीन, जावेद राव, पूर्व विधायक राजेश्वर बंसल, योगेंद्र चेयरमैन, जिलाध्यक्ष ऋषिराज राझड़, कंवरपाल मालेंडी, रजनीश कोरी, राजपाल सिंह, सोहनवीर सिंह, अनवार चौधरी, मुकेश सैनी, देशराज भनेड़ा, पूर्व विधायक बलबीर सिंह आदि ने भी विचार व्यक्त किए। रैली की अध्यक्षता गठवाला खाप के थांबेदार बाबा श्याम सिंह बहावड़ी ने की।  
विज्ञापन

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें