जलालाबाद (शामली)। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर गांव अंबेहटा पुलिया के निकट दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा सवार गंभीर घायल हो गया। घायल युवक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जलालाबाद क्षेत्र के गांव नांगल निवासी अनिल कुमार बाइक से शनिवार दोपहर किसी काम से जा रहे थे। दिल्ली सहारनपुर-हाईवे पर अम्बेहटा पुलिया के निकट सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी आमने सामने की टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में दोनों बाइक सवार युवक गंभीर घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों केे अस्पताल में ले गई। जलालाबाद चौकी प्रभारी पवन कुमार सैनी ने बताया कि दोनों युवकों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया था, लेकिन रास्ते में ही अनिल की मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी का कहना है कि इस मामले में कोई तहरीर नहीं आई है। दूसरे युवक की हालत भी चिंताजनक बताई गई है।