शामली। पांच माह से बंद चल रही बीकानेर-हरिद्वार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन को रेलवे ने तीन माह के लिए अस्थायी रूप से चलाने की अनुमति दे दी है। अब बीकानेर- हरिद्वार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन एक अप्रैल से शुरू होकर एक जुलाई तक दौड़ेगी। गर्मी के मौसम में राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, वेस्ट यूपी के लोगों को हरिद्वार, ऋषिकेश जाने में आसानी होगी।
पिछले तीन साल से राजस्थान के बीकानेर से दिल्ली, शामली, टपरी होकर हरिद्वार तक प्रत्येक शनिवार को हरिद्वार तक स्पेशल ट्रेन का अस्थायी रूप से समय निर्धारित किया था। इस स्पेशल ट्रेन का प्रत्येक शनिवार को संचालन हो रहा था। पिछले पांच माह से इसका संचालन बंद कर दिया गया था। जिसके कारण राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, वेस्ट यूपी के लोगों को बीकानेर और हरिद्वार जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अब यह स्पेशल ट्रेन एक अप्रैल से शुरू होकर एक जुलाई तक बीकानेर से शुरू होकर दिल्ली, शामली, टपरी होकर हरिद्वार तक जाएगी। उत्तर रेलवे के यातायात निरीक्षक पवन कुमार, शामली रेलवे स्टेशन अधीक्षक संजीव शर्मा ने बताया कि प्रत्येक शनिवार को सुबह-शाम आने जाने वाली बीकानेेेर हरिद्वार स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन की तीन माह की अनुमति प्राप्त हो गई है। इस स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन के संचालन से राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, बागपत, शामली, सहारनपुर के यात्रियों को हरिद्वार, ऋषिकेश, राजस्थान के सालासर बालाजी जाने का मौके मिलेगा।