झिंझाना। प्रशासन ने बिडौली गांव स्थित पुराने यमुना नदी पुल पर अगले दो महीनों तक आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया है। पुल की खस्ताहाल स्थिति को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। बिडौली चौकी इंचार्ज अजय पाल ने बताया कि पुराने पुल की हालत काफी जर्जर हो चुकी है ।उच्चाधिकारियों के आदेशानुसार पुल को फिलहाल बंद कर इसकी मरम्मत का कार्य शुरू किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि पास में बने नए यमुना पुल से वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी रहेगा। प्रशासन ने मार्गों की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए डाइवर्जन के संकेतक मार्गों पर लगा दिए हैं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने क्षेत्रवासियों और राहगीरों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि सुरक्षा और सुविधा के दृष्टिकोण से लिए गए इस निर्णय में सभी लोग सहयोग करें और निर्देशित मार्गों का ही उपयोग करें। मरम्मत कार्य पूर्ण होने के बाद पुराने पुल को पुनः यातायात के लिए खोले जाने की जानकारी समय पर दी जाएगी।