शामली। अजंता चौक के निकट बुढ़ाना रोड पर बस स्टैंड के निकट रोडवेज बस की टक्कर लगने से साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। मृतक के बेटे ने बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रविवार सुबह आठ बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव ताजपुर सिंभालका निवासी महिपाल सिंह (75) साइकिल पर सवार होकर झिंझाना रोड पर स्थित एक स्कूल में सत्संग में जा रहे थे। रोडवेज बस स्टैंड के निकट सामने से आ रही रोडवेज बस ने साइकिल में टक्कर मार दी जिससे महिपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन वृद्ध को बुढ़ाना रोड स्थित नर्सिंग होम में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि मृतक के पुत्र जितेंद्र ने रोडवेज बस का नंबर बताते हुए चालक के खिलाफ तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।