संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। भाकियू अराजनैतिक के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को डीएम जसजीत कौर से मिला। उसने किसानों की विभिन्न समस्याएं उठाईं।
कलक्ट्रेट में भाकियू अराजनैतिक के राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने डीएम जसजीत कौर से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर एक्सप्रेसवे में अधिगृहीत भूमि के मुआवजे में त्रुटियों को आर्बिटेशन में दूर किए जाने और विद्युत निगम की एकमुश्त समाधान योजना, किसानों के विद्युत कनेक्शन नहीं काटे जाने, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान और चकबंदी की समस्याओं का समाधान करने की मांग की है। राष्ट्रीय प्रवक्ता ने बताया कि जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग दिल्ली-देहरादून कॉरिडोर में किसानों को उचित मुआवजा नहीं मिला है। पिछले आठ वर्षों में जनपद में स्टांप की दर नहीं बढ़ाई गई, जिस कारण किसानों को नुकसान हुआ है। पुनर्वास का लाभ किसानों को नहीं दिया गया है। समस्याओं का समाधान न होने तक किसान अपनी जमीन पर कब्जा नहीं देंगे।
वहीं, डीएम जसजीत कौर ने आश्वासन दिया कि किसानों की सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। जमीन के कब्जे में किसानों से जबरदस्ती नहीं की जा रही है। आर्बिटेशन में गलतियों को सुधारा जाएगा। बकाया गन्ना मूल्य भुगतान हेतु अन्य वस्तुओं के अतिरिक्त अधिक चीनी की बिक्री कराकर किसानों का भुगतान करने के प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि विद्युत निगम को बिल जमा करने में एकमुश्त समाधान योजना लागू रहने तक बकाया में कनेक्शन न काटने के निर्देश दिए हैं। चकबंदी विभाग को भी गांव में जाकर समाधान करने के प्रयास के निर्देश दिए गए। प्रतिनिधिमंडल में भाकियू अराजनैतिक के संरक्षक राजेंद्र मलिक, राष्ट्रीय सचिव जावेद तोमर, रामवीर ठेकेदार, धीर सिंह, गौरव मलिक, रोशन आदि मौजूद रहे।