प्रधानों के सहयोग से कांवड़ मार्ग बिजली की रोशनी से होंगे जगमग
सीडीओ ने जिले के कांवड़ मार्गो का किया निरीक्षण, सफाई का जायजा लिया
संवाद न्यूज एजेंसी
फोटो समाचार
शामली। जिले में कांवड़ मार्गो पर विद्युत व्यवस्था ग्राम प्रधान और कांवड़ शिविरों के आयोजकों के हाथों में होगी। 14 जुलाई के बाद कांवड़ मार्ग और शिविर रंग बिरंगी रोशनी से जगमगा जाएंगे। शनिवार को सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने हरिद्वार कांवड़ मेला 2022 के मद्देनजर जिले के संपूर्ण कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। इस पर 14 कांवड़ शिविर लगाए जाएंगे। ग्राम प्रधान कांवड़ मार्गों और शिविर आयोजक विद्युत की व्यवस्था करेंगे। उन्होंने बताया कि कांवड़ शिविरों में महिला और पुरुष के लिए शौचालय तथा पेेशाबघर अलग से बनाए जाएंगे।
सीडीओ शंभूनाथ तिवारी ने बताया कि डीपीआरओ नंदलाल के साथ मुजफ्फरनगर जिले के लालूखेड़ी से लेकर कैराना यमुना पुल और शामली के विजय चौक से लेकर करनाल सीमा के बिड़ौली यमुना पुल तक निरीक्षण किया गया। उन्होंने कांवड़ मार्ग की सफाई अभियान की समीक्षा। उन्होंने बताया कि मुजफ्फरनगर जिले के लालूखेड़ी गांव से लेकर कैराना यमुना पुल तक कुल 12 गांव शामिल हैं। शामली तहसील के तीन, कैराना तहसील के 9 गांव तथा शामली विजय चौक से लेकर करनाल सीमा के बिड़ौली यमुना पुल तक ऊन तहसील के सात और कैराना तहसील का एक गांव शामिल है।
उन्होंने बताया कि लालूखेड़ी से लेकर कैराना यमुना पुल तक और विजय चौक से लेकर करनाल सीमा के बिड़ौली तक 14 शिविर लगाए जाएंगे। जिनमें कैराना में पांच और शामली में दो शिविर लगाए जाएंगे। शामली के विजय चौक से लेकर बिड़ौली यमुना पुल तक सात शिविर लगाए जाएंगे। पानीपत-मुजफ्फरनगर मार्ग पर खेेड़ी बैरागी, करमूखेड़ी, कंडेला बिजलीघर, मवी हैदर, मवी अहतमाल, रामड़ा तिराहे, यमुना ब्रिज, मेरठ-करनाल हाईवे पर सेवापुर, रजाक नगर, सींगरा, केरटू, जमालपुुर, बिड़ौली म्यान कस्बा में कांवड़ शिविर लगाए जाएंगे।