कैराना बार भवन में आयोजित बैठक में मौजूद अतिथिगण-संवाद
कैराना (शामली)। बार भवन में हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मांग को लेकर केंद्रीय संघर्ष समिति की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता समिति के चेयरमैन एवं मेरठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय शर्मा ने की, जबकि सह-अध्यक्षता कैराना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रामकुमार वशिष्ठ ने निभाई।
बैठक में पश्चिम उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों और तहसीलों से पहुंचे बार एसोसिएशन पदाधिकारियों ने न्यायिक बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और हाईकोर्ट बेंच स्थापित करने की पुरजोर मांग रखी।
बैठक में विचार-विमर्श के बाद सर्वसम्मति से दो प्रमुख प्रस्ताव पारित किए गए। 26 नवंबर को पश्चिम उत्तर प्रदेश की सभी बार एसोसिएशन अपने-अपने सांसदों के आवास पर धरना देंगी और संसद के शीतकालीन सत्र में हाई कोर्ट बेंच की मांग मजबूती से उठाने का अनुरोध करेंगी। 17 दिसंबर को सभी संगठनों और जनता के सहयोग से पश्चिम उत्तर प्रदेश बंद रखा जाएगा। इस दौरान रजिस्ट्री कार्यालय भी पूर्ण रूप से बंद रहेगा।
बैठक का संचालन समिति के संयोजक एवं मेरठ बार एसोसिएशन के महामंत्री राजेंद्र सिंह राणा ने किया, जबकि सह-संचालन राजकुमार चौहान ने संभाला। सभा में राजपाल, चंद्रवीर निर्वाल, अनूप सिंह, सुनील कुमार मित्तल, अभय सैनी, अजय कौशिक, श्याम सिंह प्रधान, ठाकुर राजीव सिंह, सरोत्तम सिंह, विक्रम सिंह त्यागी, सुमन राघव, यशपाल सिंह व मुरसलीन राणा आदि मौजूद रहे।