झांकियों के साथ निकाली बालाजी की शोभायात्रा
शामली। श्री बालाजी जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बालाजी शोभायात्रा सेवा समिति की ओर से शहर में भव्य शोभायात्रा बैंडबाजों और भव्य झांकियों के साथ निकाली गई। जगह-जगह श्री बाला जी की भव्य रथ यात्रा पर पुष्प वर्षाकर स्वागत किया गया। शोभा यात्रा में श्री हनुमानजी की झांकी आकर्षण का केंद्र रही।
शहर के नौकुआं रोड जैन मोहल्ला स्थित श्री दयाल दास मंदिर में सोमवार को सुबह सात बजे सुंदर कांड का पाठ किया गया। मुजफ्फरनगर श्री बालाजी धाम के संस्थापक चंद्रकिरण व पंकज जिंदल गुरु के सानिध्य में छप्पन भोग लगाकर प्रसाद वितरित किया गया। दोपहर को मंदिर परिसर से भव्य शोभायात्रा का दीप प्रज्ज्वलित करके नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन अरविंद संगल, भाजपा के पूर्व विधायक तेजेंद्र निर्वाल, मानस संगल, विजय कौशिक आदि ने संयुक्त रूप से शुभारंभ किया। शोभायात्रा मंदिर परिसर से शुरू होकर फव्वारा चौक, कबाड़ी बाजार, अजुध्या चौक, बड़ा बाजार, गांधी चौक, शिव चौक, धीमानपुरा, भिक्की चौक से माजरा रोड, भैंसवाल बस अड्डा, टंकी रोड, धीमानपुरा फाटक से आर्य समाज, शिव चौक, रेलवे रोड, होते हुए अग्रसेन चौक, हनुमान रोड, वर्मा मार्केट, वीवी इंटर कॉलेज रोड, फव्वारा चौक होते हुए देर शाम दयाल दास मंदिर नौकुआं रोड पर समाप्त हुई।
आधा दर्जन बैंड बाजों के साथ-साथ खाटू श्याम, श्री बालाजी, शिव तांडव, राम दरबार और हनुमान जी की विशाल झांकी आकर्षण का केंद्र रही। रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ लगी रही। शहर में जगह-जगह दुकानदारों-व्यापारियों ने पुष्प वर्षाकर शोभायात्रा का स्वागत किया। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को शीतल जल, शरबत, जलजीरा वितरित किया गया। शोभायात्रा समाप्त होने के बाद मंदिर दयालदास में कढ़ी-चावल और पूरी सब्जी का भंडारा आयोजित किया गया। संजीव कश्यप, श्याम कुच्छल, राजीव मंगल, भवेश मित्तल, नवीन संगल, आकाश वर्मा, दीपक गर्ग, सौरभ गर्ग आदि का योगदान रहा।