शामली। श्री बालाजी जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में बालाजी धाम सेवा समिति करनाल रोड के तत्वावधान में छठा 11 कुंडीय महायज्ञ आयोजित किया गया।
रविवार रात्रि करनाल रोड पर श्री बालाजी धाम और मंदिर परिसर से लेकर करनाल रोड आरके पीजी कालेज तक मुख्य मार्गों पर रंगीन रोशनी की झालर लगाकर सजाया गया था। श्री बालाजी महाराज, त्रिलौकी नाथ, भगवान शंकर, मां जगदंबा, सिद्धि विनायक गणेश, भैरव महाराज, प्रेतराज सरकार का विशाल दरबार सजाया गया। महायज्ञ पूूजन का शुभारंभ शाम सात बजे महायज्ञ पूजन विद्वान पंडित संजय शास्त्री द्वारा कराया गया।
आठ बजे ग्यारह कुंडीय महायज्ञ के सतीश चंद, सचिन जिंदल, मनोज, राकेश कुमार गर्ग, मुकेश, घनश्याम, राजेंद्र कुमार, दीपक, राजवीर सिंह, महेशचंद गोयल, रूचिन मंगल, अनिल गर्ग, जीवन किशोर तायल सपत्नी यजमान बनाए गए। समारोह में जिला पंचायत के पूर्व अध्यक्ष मनीष चौहान मुख्य अतिथि मौजूद रहे। मौके पर श्री बालाजी को सवा मणि अर्पित की गई। श्री बालाजी सेवा समिति के अध्यक्ष ओंकार प्रसाद संगल द्वारा हनुमान की आरती उतारी।
मां दुर्गा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा, कलश यात्रा निकाली
जलालाबाद। महर्षि वाल्मीकि मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा कराई गई। इस अवसर पर महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। मोहल्ला आर्यनगर स्थित महर्षि वाल्मीकि मंदिर में विधि विधान से आचार्यों ने अष्टभुजी मां दुर्गा की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा कराई।
पूरे सप्ताह प्रतिमा की पूजा अर्चना कराई गई। सोमवार सुबह प्रतिमा की नगर परिक्रमा एवं कलश यात्रा के साथ मोती बाजार, आर्यनगर, रामनगर, प्रतापनगर लुहारी मार्ग, कटेहरा बाजार, रामलीला भवन आदि स्थानों से होते हुए महर्षि वाल्मीकि मंदिर आर्यनगर में संपूर्ण हुई। यात्रा के दौरान जगह-जगह मां दुर्गा की आरती उतारी गई। नगर परिक्रमा के उपरांत मंदिर परिसर में बने दरबार में प्रतिमा को प्रतिष्ठित किया गया।
जिसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान सुखदेव प्रसाद, वनीश आहुजा, तेजपाल पाहीवाल, गोविंदराम, उमारानी गर्ग, बोबीराम, शिव कुमार, प्यारेलाल, बलराम, श्रवण कुमार, सुरेंद्र, संजय, सागर, सूरज, अशोक आदि मौजूद रहे।