झिंझाना। बिडौली बस स्टैंड के पीछे स्थित साजिद नगर में तैयार की गई मतदाता सूची में कई गड़बड़ियां सामने आई हैं। किसी मतदाता के पिता का नाम बदलकर बाबू कुरैशी से बाबूराम कर दिया गया तो किसी के पते से मोहल्ले का नाम ही गायब हो गया। एक ही भाग संख्या में 58 मतदाताओं के मकान नंबर वाले कॉलम में वास्तविक नंबर के बजाय न्यू दर्ज कर दिया गया। अब मतदाता अपनी पहचान और पते की गलतियां ठीक कराने के लिए परेशान हैं।
58 घरों का मकान नंबर गायब
झिंझाना के साजिदनगर की मतदाता सूची में इरफान, गुलिस्ता, रूबी, नौशाद, शाहजहां, महरूना, मुरसलीन, साजिदा, शबनम और प्रतीक्षा समेत करीब 58 मतदाताओं के मकान नंबर वाले कॉलम में वास्तविक नंबर दर्ज नहीं हैं। वहां न्यू लिखा हुआ है। मतदाताओं का कहना है कि जब सरकारी दस्तावेज में घर की पहचान बताने वाला मकान नंबर ही सही नहीं है तो पते का सत्यापन कैसे होगा।
पिता का नाम बाबू कुरैशी से कर दिया बाबूराम
मोहल्ला तलाही निवासी बब्लू ने बताया कि उनके पिता का नाम बाबू कुरैशी है, लेकिन मतदाता सूची में बाबूराम दर्ज कर दिया गया। शिकायत के बाद भी सुधार नहीं हुआ।
14 बूथों की सूची के सत्यापन पर सवाल
झिंझाना क्षेत्र में कुल 14 बूथ हैं। साजिदनगर की सूची में गड़बड़ी सामने आने के बाद अन्य बूथों की सूचियों के सत्यापन की मांग भी उठने लगी है। सवाल यह है कि गलतियां एसआईआर के दौरान सत्यापन में हुईं या डाटा एंट्री के समय लापरवाही बरती गई।
मतदाता सूची में संशोधन के लिए 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। मतदाता अपने नाम, पते और अन्य विवरणों की त्रुटियां ठीक कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों के आधार पर नियमानुसार संशोधन कराया जाएगा और किसी भी मतदाता को परेशानी नहीं होने दी जाएगी। - प्रवीण वर्मा, जिलाधिकारी शामली
वोटर लिस्ट में लिखा लोगों का न्यू पता।