- विश्व मच्छर दिवस पर जिला अस्पताल में मलेरिया विभाग की टीम ने किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। विश्व मच्छर दिवस पर जिला संयुक्त चिकित्सालय में विश्व मच्छर दिवस का पर जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस दौरान लोगों को मच्छराें से होने वाली बीमारियों और बचाव के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया और पत्रक वितरित किए।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मच्छर दुनिया के सबसे खतरनाक कीड़ों में गिने जाते हैं। इनके काटने से हर साल लाखों लोग मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया और जीका जैसी बीमारियों से ग्रसित होते हैं। इस वर्ष विश्व मच्छर दिवस की थीम अधिक समतापूर्ण विश्व के लिए मलेरिया के खिलाफ लड़ाई को तेज करना है।
उन्होंने बताया कि मच्छरों से बचाव करना ही बीमारियों से सबसे बड़ा बचाव है। उन्होंने जिला अस्पताल में लोगों को बताया कि मच्छरों से बचने के लिए अपने घर और आसपास पानी एकत्रित न हाेने दें। मच्छरदानी, रिपेलेन्ट व जालीदार खिड़कियों का प्रयोग करें। जलस्रोत कूलर, टंकी, फूलों के गमले, निष्प्रयोज्य पात्र आदि की नियमित सफाई एवं पानी बदलते रहें। इसके साथ ही कीटनाशी का छिड़काव कर मच्छरों को पनपने से रोका जा सकता है।
इस अवसर पर जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. किशोर आहुजा, वीबीडी कंसलटेंट राजेश कुमारी, वरिष्ठ एलए अवधेश वाडेकर, मलेरिया निरीक्षक सुबोध, रवि, राकेश आदि मौजूद रहे। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने गांव हसनपुर लुहारी में भी मच्छरों से बचाव के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।