कांधला। दिल्ली- सहारनपुर हाइवे पर एलम बाईपास के पास बुधवार को चाइनीज मांझे की चपेट में आकर बढ़ई संजीव की गर्दन कट गई। घायल को कस्बे के सामुदायिक केंद्र पर भर्ती कराया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया ।
कैराना थाना क्षेत्र के गांव गोगवान निवासी बढ़ई का काम करने वाले संजीव कश्यप पुत्र इंद्रपाल बुधवार को सुबह अपनी पत्नी मानसी को लेने ससुराल बागपत के थाना रमाला के गांव माजरा गए थे । वहां से शाम को पत्नी के साथ अपनी बाइक से वापिस लौट रहे थे । उनके फुफेरे भाई अंकित ने बताया कि जैसे ही संजीव एलम बाइपास से कांधला की ओर चले तो अचानक एक पतंग का चाइनीज मांझा उनकी गर्दन पर आकर लिपट गया । किसी तरह संजीव ने बाइक को रोक लिया मगर तब तक मांझे से गर्दन में बाई तरफ गहराई तक कट चुकी थी, जिससे संजीव गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि पत्नी मांझे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गई। राहगीरों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को बुलाया और उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी कांधला पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल शामली के लिए रेफर कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश है और चाइनीज मांझे पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उधर, एसपी का कहना है कि मामले में तहरीर मिलने पर मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
दो साल पूर्व भी गर्दन कटने के मामले आए थे सामने
कांधला। दो साल पूर्व ही गंगेरु और असदपुर जिड़ाना गांव में दो लोगों की पतंग के चाइनीज मांझे से गर्दन कट गई थी। हालांकि, उपचार कर दोनों की जान बचा ली गई है। इसके अलावा शामली में भी एक साल पूर्व मामला सामने आया था।
इन्होंने कहा
चाइनीज मांझा बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलवाया जाएगा। लोगों से भी अपील है कि बिक्री करने वालों की सूचना दें, तुरंत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। राम सेवक गौतम, एसपी शामली
......
जिले में धड़ल्ले से बेचा जा रहा चाइनीज मांझा
शामली। जिले में धड़ल्ले से चाईनीज मांझा बेचा जा रहा है। शामली के अलावा कैराना, कांधला में कुछ लोग चाइनीज मांझा बेच रहे हैं। विभागीय अधिकारी सब कुछ जानते हुए भी अनजान बने हुए हैं। कांधला निवासी बलबीर कुमार, अनुज कुमार का कहना है कि मांझा की बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। मामले को लेकर वह जल्द ही जिलाधिकारी से भी मिलेंगे।
यह घटना चीन के मांझे के खतरों को उजागर करती है, जो कई बार लोगों के लिए जानलेवा साबित हो चुका है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस को इस पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके। मांझे का प्रयोग और उसकी बिक्री पर रोक लगाने के लिए कड़ी निगरानी की जरूरत है। लोगों को जागरूक करना चाहिए, ताकि इस प्रकार के हादसों से बचा जा सके।
चाइनीज मांझे से बचाव को यह करे
बचाव के उपाय
चाइनीज मांझे का प्रयोग न करें, सिर्फ सूती या साधारण धागे का प्रयोग करें।
पतंग उड़ाते समय छत की ऊंचाई और आसपास की बिजली की तारों का ध्यान रखें।
बाइक या स्कूटी चलाते समय गले पर कपड़ा/स्कार्फ बांधें या हेलमेट पहनें।
पतंग उड़ाने वाले बच्चों पर अभिभावक निगरानी रखें।
घायल होने पर तुरंत प्राथमिक उपचार करें और आवश्यकता पड़ने पर डॉक्टर से संपर्क करें।
चाइनीज मांझे के खतरों के बारे में दूसरों को भी जागरूक करें।