संवाद न्यूज एजेंसी
शामली। साइबर के शातिर ने शामली निवासी व्यक्ति को कॉल कर आसाम में अपने परिचित को लोन दिलाने का गारंटर बताकर ठगी की कोशिश की, लेकिन जागरूकता के कारण ठगी होने से बच गई।
झिंझाना रोड निवासी आशीष कुमार ने बताया कि तीन दिन पहले उसके पास अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि वह बैंक से बोल रहा है। उसने आसाम के गुवाहाटी में अपने परिचित अजय को लोन दिलाया था, जिसका वह गारंटर है। उसने कहा कि उसने किसी को लोन नहीं दिलाया तो कॉल करने वाले ने उसके साथ तेज आवाज में बात कर उसे झांसे में लेने की कोशिश की। इसके बाद उसने फोन की कॉल को काट दिया।
इसके बाद भी करीब दस बार उसके पास बार-बार कॉल आई, लेकिन उसने रिसीव नहीं की। इसके कुछ समय बाद उसके मोबाइल पर ओटीपी के कई मैसेज आए तो वह समझ गया कि किसी साइबर ठग ने उसके फोन पर कॉल कर उसे झांसे में लेने की कोशिश की गई। इसके बाद अगले दिन भी कॉल आई, लेकिन उसने रिसीव नहीं किया। साइबर सेल प्रभारी संजीव भटनागर का कहना है कि अनजान नंबर से आने वाली कॉल को रिसीव करते समय सतर्कता बरतें। किसी भी तरह के प्रलोभन या दबाव में न आएं और पूरी जानकारी करने के बाद ही विश्वास करें। जागरूकता ही साइबर ठगी से बचाव है।