छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती पर हमला
थानाभवन। घर में सो रही युवती के साथ युवक ने छेड़छाड़ कर दी। आरोप है कि जब लड़की ने इसका विरोध करते हुए शोर मचाया तो युवक ने युवती का सिर दीवार में मारकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
थानाभवन क्षेत्र निवासी एक युवती शनिवार रात अपने कमरे में सो रही थी। आरोप है कि करीब चार बजे पड़ोस का युवक चुपके से घर में घुस गया। इसके बाद वह युवती के कमरे में पहुंचा और उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। यह देख युवती की आंख खुली और युवक को देखकर चिल्लाने लगी। शोर मचता देख युवक ने पहले उसे धमकाकर चुप रखने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं मानी तो आरोप है कि युवक ने युवती का सिर दीवार में मारकर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी परिजनों के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने पहले घायल अवस्था में युवती को कस्बे के सामुदायिक चिकित्सालय में भर्ती कराया। इसके बाद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।