शामली : कैराना के तीतरवाड़ा में महिला अधिवक्ता की गाड़ी की तोड़ी गई लाइट।
- फोटो : SHAMLI
कैराना (शामली)। हरियाणा की महिला अधिवक्ता ने दंपती के बीच हुए विवाद के निपटारे के दौरान महिला के पति और अन्य ग्रामीणों पर मारपीट हो गई। गाड़ी में तोड़फोड़ करने का भी आरोप लगाया है।
पानीपत के सिंभालका निवासी अधिवक्ता सुमन छोक्कर ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि पानीपत निवासी प्रिया की शादी गांव तीतरवाड़ा निवासी राजीव के साथ छह साल पहले हुई थी। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। प्रिया का पति शराब पीकर आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। सुमन प्रिया की मां कृष्णा के कहने पर शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे अपने पति कुलदीप के साथ तितरवाड़ा में उनके बीच समझौता कराने आई थी, लेकिन प्रिया के पति ने समझौता करने से मना कर दिया।
जिसके बाद सुमन उन दोनों को गाड़ी में वापस पानीपत ले जाने लगे। तभी पुलिस चौकी के पास बीच रास्ते में प्रिया के पति और अन्य ग्रामीणों ने बाइक और बुग्गी अड़ाकर उनकी गाड़ी को रोक लिया। आरोप है कि गाली-गलौज कर उसके साथ मारपीट की और गाड़ी में तोड़फोड़ की।
अधिवक्ता ने बताया कि तीतरवाड़ा पुलिस चौकी इंचार्ज व पुलिसकर्मी यह सब देखते रहे, उन्होंने कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में अधिवक्ता सुमन के साथ कोतवाली पहुंची और मारपीट व गाड़ी में तोड़फोड़ की तहरीर दी। मामले में कोतवाली प्रभारी अनिल कपरवान का कहना है कि पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला है। महिला अधिवक्ता का मेडिकल कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।