घर में घुसकर हमला, 13 के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज
शामली, थानाभवन। सोंटा रसूलपुर गांव में मामूली कहासुनी को लेकर एक पक्ष ने दूसरे के घर में घुसकर हमला कर दिया। हमले में पूर्व प्रधान का चचेरा भाई घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पांच नामजद सहित 13 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
क्षेत्र के गांव सोंटा रसूलपुर निवासी रऊफ पूर्व प्रधान शादाब का चचेरा भाई है। आरोप है कि शनिवार रात को रऊफ का किसी बात को लेकर इकबाल पक्ष से विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद इकबाल पक्ष ने उसके घर में घुसकर हमला लाठी डंडों से हमला कर दिया। हमले में रऊफ घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली।
थाना प्रभारी प्रभाकर कैंतूरा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक पक्ष के अबुल, इकबाल, वकील, अब्दुल, इनाम और आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।