कांधला (शामली)। श्रीकृष्ण जन्मभूमि प्रकरण के मुख्य वादी एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने शुक्रवार रात फोन कर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोप है कि इस पूरे प्रकरण में जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का हाथ है। उनकी हत्या की सुपारी दी गई है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस में की है।
आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने बताया कि 19 जून की रात 12:47 बजे, 12:48 बजे, 12:56 बजे, 1:04 बजे और 1:06 बजे अज्ञात नंबर से लगातार कॉल और संदेश भेजे गए। आरोप है कि कॉल करने वाले ने स्वयं को जनपद मैनपुरी निवासी के साथ शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती का शिष्य बताया।
आरोप है कि फोन पर उनके साथ अभद्र भाषा, गाली-गलौज की गईं। साथ ही उनकी बहन को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कही गईं और उन्हें तथा उनके गवाह ठाकुर सुधांशु सोम को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारने की धमकी दी। आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने बताया 19 जून को उनके गृह जनपद शामली में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद अपने काफिले के साथ पहुंचे थे और इस दौरान उनके स्थानीय विरोधियों के साथ गोपनीय बैठक भी की। उनके खिलाफ षड्यंत्र रचकर हत्या की योजना बनाने का आरोप लगाया है।
उधर, जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि वह इस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मामले की शिकायत के बाद पुलिस जांच कर रही है। धमकी वाले नंबरों को ट्रेस किया जा रहा है।