शामली। चीनी मिल की ओर से लागू की गई शिफ्टों का किसानों के पालन न किए जाने से शहर में शाम के समय ज्यादा गन्ने की ट्रॉलियों आने से पिछले कई दिनों से जाम की स्थिति बनी हुई है। शहर के मुख्य मार्गों पर जाम लगने से शहर के आम नागरिक परेशान है।
पिछले तीन दिन से शहर के मुख्य मार्गों पर शाम के समय गन्ना के ज्यादा वाहन आने से जाम की स्थिति बनी हुई है। सोमवार को शाम के समय ज्यादा गन्ने की ट्रॉलियां आने से मिल गेट से लेकर एमएसके रोड, वर्मा मार्किट से वीवी इंटर कॉलेज रोड, अस्पताल रोड, हनुमान धाम रोड पर गन्ने की ट्रैक्टर-ट्रालियों की लंबी-लंबी लाइनें लग गई। जिससे में शहर के मुख्य मार्गों पर गन्ने का जाम लगने से आने जाने वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शामली चीनी मिल के सहायक गन्ना महाप्रबंधक दीपक राणा ने बताया कि चीनी मिल गन्ना पेराई कर रहा है। जाम से निजात पाने के लिए बोगियों और ट्रॉलियों की शिफ्ट सिस्टम लागू किया गया था। इस बार चीनी मिल चालू हो जाने के बाद किसानों ने शिफ्ट सिस्टम को न मानकर पुराने ढर्रे पर गन्ने को वाहनों से चीनी मिल को आपूर्ति की जा रही है। ज्यादातर ट्रॉलियों में किसान गन्ने लेकर शाम के समय आ रहे है। जिससे शहर में जाम लग रहा है। यार्ड में गन्ने की तुलाई होने से देर रात तक शहर में जाम खत्म हो जाता है।
सीओ की बैठक में उठा जाम का मुद्दा
सीओ सिटी श्रेष्टा ठाकुर ने सोमवार को कोतवाली में व्यापारी संगठनों, समाजसेवी लोगों व सभासदों के साथ शांति समिति की बैठक की। इस दौरान उन्होंने आगामी चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर चर्चा की। बैठक सीओ ने कहा कि शुगर मिल का पेराई सत्र शुरू हो गया है। प्रत्येक वर्ष शहर के लोगों को जाम की समस्या से दोचार होना पड़ता है। जिसका मुख्य कारण दुकानों के बाहर होने वाला अतिक्रमण भी है, जिसमें दुकानदारों को पुलिस का सहयोग करते हुए अतिक्रमण को हटा लेना चाहिए। उन्होंने बाजारों में होने वाले अतिक्रमण को हटाने में पुलिस को सहयोग करने की अपील की।
इसके अलावा उन्होंने कहा कि बाजारों में बाइक चोरी, छीनाझपटी व अन्य अपराधिक मामलों की रोकथाम के लिए व्यापारी दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगाएं। सीबी गुप्ता कॉलोनी, कमला कॉलोनी व बुढ़ाना रोड पर बाइकों पर स्टंट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बैठक में निशीकांत संगल, अनिल उपाध्याय, राजीव गोयल, तौहिद रहमानी, गुलजार मंसूरी, संजय संगल, अमित विश्वकर्मा, पवन बजरंगी, लोकेंद्र लांक, मोनू संगल आदि मौजूद रहे।