शामली। दिल्ली-एनसीआर में शामिल जनपद शामली में भी हवा की गुणवत्ता खराब होने लगी है। बृहस्पतिवार को जिले में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 169 दर्ज किया गया है, जो मध्यम श्रेणी में आता है।
दिल्ली में हवा की गुणवत्ता खराब होने के कारण एनसीआर में शामिल जिले में भी इसका असर पड़ रहा है। जिले की हवा की गुणवत्ता भी खराब होने से लोगों के सेहत प्रभावित होने की आशंका बन गई है। जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. सचिन मलिक ने बताया कि प्रदूषित हवा में मौजूद सूक्ष्म कण सांस के जरिये फेफड़ों तक पहुंचकर खांसी, सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याएं पैदा कर सकते हैं। पहले से सांस या हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। उन्होंने प्रदूषण बढ़ने पर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
प्रदूषित हवा से इस तरह करें बचाव
घर से बाहर निकलते समय फेस मास्क लगाएं।
खुले में व्यायाम करने से बचें।
धूल से बचाव करें।
कचरा, पराली व पटाखे न जलाएं।
सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।
एक्यूआई के मानक
0 से 50 - अच्छा
51 से 100 - संतोषजनक
101 से 200 - मध्यम
201 से 300 - खराब
301 से 400 - बेहद खराब
401 से 500 - गंभीर श्रेणी