अनिल उर्फ पिंटू की रिमांड के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल
शामली। थानाभवन क्षेत्र में एक सप्ताह पहले एके-47 रायफल और 1300 कारतूस के साथ पकड़े गए अनिल उर्फ पिंटू को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने अनिल उर्फ पिंटू और उसके साथी मेरठ जेल में बंद अनिल बंजी के सात दिन के रिमांड के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की है। बुधवार को रिमांड अर्जी पर कोर्ट में सुनवाई होगी।
थानाभवन पुलिस ने एक सप्ताह पहले सोमवार रात को कादरगढ़ चौकी पर चेकिंग के दौरान अनिल उर्फ पिंटू निवासी गांव सदरूद्दीननगर उर्फ माजरा थाना भौराकलां जिला मुजफ्फरनगर को कार समेत गिरफ्तार किया था। पुलिस ने कार से विदेशी एके-47 रायफल और अलग-अलग बोर के 1300 कारतूस बरामद किए थे। मौके से दो लोग कार से उतरकर फरार हो गए थे। पुलिस का कहना था कि पूछताछ में अनिल उर्फ पिंटू ने बताया था कि बरामद रायफल व कारतूसों को कुख्यात संजीव जीवा ने अपने गुर्गों के माध्यम से 11 लाख रुपये में उपलब्ध कराया था। यह हथियार पहले उसके साथी अनिल बंजी निवासी सिसौली के पास थे।
अनिल बंजी कृषि विश्वविद्यालय के डीन डॉ. राजवीर सिंह पर जानलेवा हमले के मामले में मेरठ जेल में बंद है। अनिल बंजी के कहने पर बरामद हथियार व कारतूसों को छिपाने के लिए वह दूसरे प्रदेश में ले जा रहा था। एसएसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि इस मामले में अनिल उर्फ पिंटू और मेरठ जेल में बंद अनिल बंजी का एक सप्ताह का रिमांड देने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल की गई है। रिमांड अर्जी पर बुधवार को कोर्ट मेें सुनवाई होगी।