इथेनॉल प्लांट पर फिर हादसा, ट्रक की टक्कर से टूटी 33 केवी लाइन
पांच घंटे ठप रही बिजली, उपभोक्ता रहे परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
चौसाना। शामली-शामला इथेनॉल प्लांट पर मंगलवार को एक बार फिर लापरवाही के चलते बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 8:50 बजे प्लांट परिसर में एक ट्रक की टक्कर से चौसाना बिजलीघर को आपूर्ति देने वाली 33 केवी विद्युत लाइन का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे लाइन टूट गई। इसके चलते चौसाना बिजलीघर से जुड़े 12 गांवों की बिजली आपूर्ति करीब पांच घंटे तक बाधित रही।
हादसे की सूचना मिलने पर विद्युत विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया। इसी बीच बारिश शुरू होने तथा प्लांट परिसर में खड़े भारी वाहनों की वजह से कर्मचारियों को लाइन तक पहुंचने और मरम्मत करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद टीम लगातार काम में जुटी रही।
दोपहर करीब 1:30 बजे 33 केवी लाइन चालू कर दी गई। इसके बाद परीक्षण के उपरांत करीब दो बजे चौसाना बिजलीघर से जुड़े सभी गांवों की विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि इथेनॉल प्लांट पर भारी वाहनों की आवाजाही के कारण आए दिन विद्युत लाइनें और खंभे क्षतिग्रस्त होते रहते हैं। इससे क्षेत्र के लोगों को बार-बार बिजली संकट झेलना पड़ता है। लोगों ने इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
कोट
ट्रक की टक्कर से 33 केवी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। बारिश के बावजूद कर्मचारियों ने लगातार मरम्मत कार्य किया और दोपहर दो बजे तक सभी प्रभावित गांवों की बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। - आजम अकबर, जेई, विद्युत विभाग