पशु चोरी करने का आरोपी गिरफ्तार, दो फरार
बाबरी (शामली)। पुलिस ने पशु चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तीन पशु और घटना में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है।
गांव भाज्जू निवासी ताहिर ने बाबरी थाने पर तहरीर देकर बताया कि मंगलवार दोपहर मकान की मरम्मत के दौरान उसके घर के बाहर बंधे पशुओं को चोर कार में डालकर चोरी कर ले गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात में रिपोर्ट दर्ज की गई थी। एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि बुधवार को थाना बाबरी पुलिस चौकी बंतीखेड़ा पर चेकिंग कर रही थी। उसी समय घटना में शामिल एक आरोपी वसीम निवासी गांव हर्रा थाना सरूरपुर खुर्द जिला मेरठ को चोरी के तीनों पशु और घटना में इस्तेमाल कार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। दो आरोपी फैजान निवासी गांव हर्रा और गुज्जु निवासी गांव नंगला भनवाड़ा थाना रतनपुरी जनपद मुजफ्फरनगर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपी का चालान कर दिया गया है।