शामली। जनपद एक बार फिर औद्योगिक विकास के क्षेत्र में बड़ी छलांग लगाने जा रहा है। नवंबर माह में होने वाली पांचवीं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के तहत 849 करोड़ का निवेश जिले में उतरने वाला है। इससे न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था को संजीवनी मिलेगी, बल्कि हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार भी खुलेंगे।
जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं। उपायुक्त उद्योग जैसमीन फौजदार और उद्योग मित्र अतुल गुप्ता ने बताया कि जिले में 32 नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की योजना है। इन इकाइयों के लिए निवेशकों से संपर्क स्थापित किया जा रहा है।इन निवेश प्रस्तावों में टायर से ऑयल बनाने की यूनिट, ट्रक और बस सर्विस सेंटर, और कई छोटे-मझोले उद्योग। इनमें से कुछ प्रोजेक्ट्स की लागत 80 करोड़ रुपये से अधिक की है, जिन पर काम जल्द शुरू होने की संभावना है।
हालांकि उद्योग विभाग के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2022 में लखनऊ में आयोजित औद्योगिक इन्वेस्टर्स समिट में शामली जनपद को 1500 करोड़ रुपये का निवेश लक्ष्य दिया गया था। लेकिन अधिकारियों की मेहनत से कुल 3930 करोड़ रुपये के 66 निवेश प्रस्तावों पर एमओयू साइन किए गए थे।
दुर्भाग्यवश, अब तक केवल 31 इकाइयां ही धरातल पर उतर सकी हैं, इसे देखते हुए अब शासन ने नवंबर में आयोजित होने जा रही पांचवीं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के लिए सभी जिलों से अप-टू-डेट निवेश प्रस्ताव मांगे हैं।