जिले में शांति का माहौल, पुलिस रही अलर्ट
शामली। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जिले में पुलिस अभी भी पूरी तरह से अलर्ट है। हालांकि जिले में पूरी तरह से शांति का माहौल है। एहतियात के तौर पर संवेदनशील इलाकों में पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया है। अभी पुलिस ड्यूटी में किसी तरह की ढील नहीं दी गई है।
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में पिछले सप्ताह शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद शामली के आजाद चौक में और कैराना के ईदगाह मैदान में भीड़ ने प्रदर्शन किया था। हालांकि पुलिस ने सतर्कता के चलते लोगों को समझाकर मामला शांत कर लिया था। इसके बाद से जिले में अधिकारी लगातार सतर्कता बरत रहे हैं। इस शुक्रवार को भी जुमे की नमाज को लेकर कड़ी चौकसी बरती गई। अधिकारियों को आशंका थी कि कहीं जुमे की नमाज के बाद कहीं पर विरोध प्रदर्शन न हो जाए। पुलिस-पीएसी की कड़ी चौकसी के चलते पूरा जिला शांत रहा था। डीएम अखिलेश सिंह और एसपी विनीत जायसवाल ने कैराना-कांधला में में फ्लैग मार्च किया। वहीं, शाम चार बजे तक कैंप किए रखा। शामली में एडीएम अरविंद कुमार और एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रखी। पूरा दिन शांति और सुकून से गुजरने के बाद अधिकारियों ने राहत ली। रोज की तरह संवदेनशील इलाकों में पुलिस और पीएसी की ड्यूटी और क्यूआरटी आदि तैनात रही। एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में पूरी तरह शांति है और कहीं पर किसी तरह की कोई शिकायत नहीं है। एहतियात के तौर पर आजाद चौक, फव्वारा चौक, दिल्ली रोड, कलंदरशाह समेत सभी संवेदशील इलाकों में पुलिस-पीएसी बल तैनात किया गया है।
जनपद में थानास्तर पर बाल किशोर इकाई का गठन
शामली। शनिवार को सीओ सिटी के कार्यालय में बाल कल्याण समिति की बैठक हुई। बैठक में एएसपी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने जनपद में निराश्रित और लावारिस बच्चों के बारे में समीक्षा की। एएसपी ने बताया कि दिसंबर माह में दो बच्चे लावारिस हालत में मिले थे, जिनमें एक कासगंज का रहने वाला था और दूसरा बालक शामली का निवासी था। दोनों बच्चों के माता-पिता की तलाश कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया। एएसपी ने बताया कि निराश्रित और लावारिस मिलने वाले बच्चों की देखभाल और उनके परिजनों तक पहुंचाने के लिए जनपद के सभी थानों पर बाल किशोर इकाई का गठन किया गया है। इसमें हर थाने पर एक सब इंस्पेक्टर, एक महिला कांस्टेबल और दो कांस्टेबल की टीम बनाई गई है। इस अवसर पर सीओ सिटी जितेंद्र सिंह, बीना अग्रवाल, जिला प्रोबेशन अधिकारी, आरपीएफ व थाना पुलिस मौजूद रहे