शामली। दिवाली के मद्देनजर साइबर ठग लोगों को निशाना बनाने के लिए शुभकामना संदेश, फ्री गिफ्ट, कैशबैक और लकी ड्रॉ का लालच देकर एपीके फाइल भेज रहे हैं। इन्हें डाउनलोड कर इंस्टॉल करने से मोबाइल की निजी जानकारी अपराधियों तक पहुंच सकती है और बैंक खाते से रकम निकल सकती है।
एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने लोगों से अपील की है कि अनजान नंबरों से आने वाले लिंक और एपीके फाइल न खोलें। ठग व्हाट्सएप, एसएमएस और सोशल मीडिया के जरिये ऐसे संदेश भेजकर बैंकिंग संबंधी जानकारी चुराने का प्रयास करते हैं। इसलिए किसी भी आकर्षक ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें।
इन बातों का रखें ध्यान
• अनजान नंबर से आई एपीके फाइल डाउनलोड या इंस्टॉल न करें।
• बैंक खाते, यूपीआई पिन, पासवर्ड और ओटीपी साझा न करें।
• संदिग्ध लिंक खोलने से बचें और ऑफर की पुष्टि आधिकारिक वेबसाइट से करें।
• मोबाइल में अनजान स्रोतों से एप इंस्टॉल करने का विकल्प बंद रखें।
यदि गलती से संदिग्ध फाइल इंस्टॉल हो जाए या खाते से रकम निकल जाए तो तुरंत बैंक को सूचना दें। साइबर ठगी की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।