- रविवार की रात गांव जहानपुरा में दो पक्षों में हुआ था खूनी संघर्ष
संवाद न्यूज एजेंसी
कैराना। पांच दिन पहले रात के समय जहानपुरा में दो पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले तथा पथराव हुआ था। इस दौरान अवैध हथियारों से फायरिंग भी की गई थी। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी। वहीं पुलिस की दबिश के चलते एक आरोपी पुराने मुकदमे में जमानत तुड़वा कर जेल चला गया।
रविवार की रात गांव जहानपुरा में इखलाक व साहिन पक्ष के बीच जमकर पथराव हुआ था। इस दौरान लाठी-डंडे व धारदार हथियारों के साथ ही हथियारों से फायरिंग भी की गई थी। हमले में दोनों पक्ष के आठ लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने अपनी और से दोनों पक्षों के 16 नामजद व 8-10 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था। बुधवार को पुलिस ने एक आरोपी राशिद उर्फ आधा को गिरफ्तार करके चालान कर दिया था।
पुलिस की दबिश से डरते हुए मुकदमे में नामजद जावेद निवासी जहानपुरा ने 2018 के मारपीट के मुकदमे में अदालत से अपनी जमानत तुड़वा ली। जिसके बाद अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस का कहना है कि अन्य आरोपियोें को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।