शामली। गांव भारसी के प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक अमित कुमार ने दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की योगाभ्यास प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण पदक जीता है। उनकी सफलता पर विद्यालय और परिजनों में खुशी का माहौल है।
मूल रूप से जिला बागपत के गांव रमाला निवासी अमित कुमार ने बताया कि 18 व 19 दिसंबर को दादा मालदेव स्पोर्टस कांपलेक्स नागल ठाकरान नोर्थ वेस्ट दिल्ली में नेशनल योगासन स्पोर्टस टूर्नामेंट 2021 योगाभ्यास प्रतियोगिता आयोजित हुई थी। मानवीय निर्माण मंच दिल्ली द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न आयु वर्ग में प्रतिभाग किया। इसमें उप्र के जनपद शामली से अमित ने 30 से 40 आयु वर्ग में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में अमित कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया और स्वर्ण पदक जीतकर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन किया। अमित की सफलता पर विद्यालय परिवार और परिजनों में खुशी का माहौल है।