गढ़ीपुख्ता कस्बे में अपने आवास पर समर्थकों मिलकर वार्ता करते हुए पूर्व सांसद अमीर आलम खां। स्वय
शामली। आजाद समाज पार्टी छोड़ चुके पूर्व सांसद अमीर आलम खां और उनके बेटे पूर्व विधायक नवाजिश आलम खां 23 सितंबर को अपने समर्थकों के साथ दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद दोनों नेताओं की राहुल गांधी से मुलाकात होने की भी संभावना है।
पूर्व सांसद अमीर आलम खां और उनके बेटे पूर्व विधायक नवाजिश आलम ने शुक्रवार को सोशल मीडिया के माध्यम से आसपा छोड़ने की घोषणा की थी। शनिवार को वे अपने पैतृक गांव गढ़ीपुख्ता स्थित आवास पर पहुंचे और समर्थकों के साथ बैठक कर आगामी कार्यक्रम को लेकर विचार-विमर्श किया। अमीर आलम ने समर्थकों से अधिक संख्या में 23 सितंबर को दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया। अमीर आलम खां ने कहा कि दिल्ली में वे सैकड़ों समर्थक के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
नवाजिश आलम ने बताया कि वे 23 सितंबर को दिल्ली स्थित मुख्यालय में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे। सदस्यता ग्रहण करने के बाद राहुल गांधी से मुलाकात की भी संभावना है।
कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर रोहिताश बसवा ने बताया कि लखनऊ में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय समेत छह प्रभारियों की बैठक रविवार को बुलाई गई है। इसमें कांग्रेस के जिलाध्यक्षों, ब्लॉक एवं शहर अध्यक्षों के पदों की सूची जारी होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पूर्व सांसद अमीर आलम खां और उनके बेटे नवाजिश आलम खां के कांग्रेस में शामिल होने का कार्यक्रम 23 सितंबर को तय हो चुका है।