अमर उजाला अभियान : लापरवाही पड़ सकती है जिंदगी पर भारी
शामली। परिवहन विभाग सड़क सुरक्षा सप्ताह मना रहा है। इसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक करना है। इसके बाद भी वाहन चालक यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं और दुर्घटनाओं का शिकार होते हैं। पिछले साल 2021 में जिले में 167 सड़क दुर्घटनाएं हुई, जिसमें 107 लोगों की जिंदगी खत्म हुई और 120 लोग घायल हुए हैं।
सड़कों पर तेज रफ्तार से दौड़ते हुए वाहन, बिना हेलमेट के चलाते दुपहिया वाहन, दुपहिया वाहन पर तीन सवारी, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट न लगाना, ओवरलोड वाहन आदि यातायात नियमों का उल्लंघन करते हुए देखे जाते हैं। यातायात नियमों की अनदेखी ही सड़क हादसों का कारण बनती है। हर साल सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान जाती है और कितने ही घायल होते हैं। पिछले साल 2021 की बात करें तो परिवहन विभाग के आंकड़ों में 167 सड़क दुर्घटनाएं हुई, जिनमें 107 लोगों की मौत हुई और 120 लोग घायल हुए। इस साल 2022 में जनवरी में 12 दुर्घटनाओं में छह लोगों की मौत और आठ घायल हुए। फरवरी माह में 13 दुर्घटनाओं में 10 लोगों की मौत हुई और सात लोग घायल हुए। इस तरह से इस साल के पहले दो महीने में भी 16 लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में जिंदगी खत्म हो गई और 15 लोग घायल हुए। इससे 2020 में 128 सड़क दुर्घटनाओं में 71 लोगों की जान गई और 89 लोग घायल हुए।
इस तरह से देखा जाए तो 2020 के मुकाबले 2021 में 39 सड़क हादसे, 36 लोगों की मौत हुई और 31 घायल ज्यादा हुए। इन हादसों से लोगों को सबक लेना चाहिए। सड़क पर वाहन चलाते समय लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है, इसलिए संभलकर चलिए और यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित रहिए।
सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर लोगों केे यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएं और लोग सुरक्षित यात्रा करें। - मुंशीलाल, एआरटीओ।
2021 में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति
सड़क दुर्घटना - 167
मृतक - 107
घायल - 120
2022 में पहले दो माह में सड़क दुर्घटना की स्थिति
सड़क दुर्घटना - 23
मृतक - 16
घायल - 15
2020 में सड़क दुर्घटना की स्थिति
सड़क दुर्घटना - 128
मृतक - 71
घायल - 89
वाहन चलाते समय से ये बरतें सावधानी
- दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाएं।
- चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग करें।
- नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
- वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करें।
- सही दिशा में चलें, गलत दिशा में वाहन न चलाएं।
- नींद आने पर वाहन को न चलाएं।
- ज्यादा तेज गति से वाहन न चलाएं।