थानाभवन। कस्बा जलालाबाद स्थित एल्पाइन कालेज आफ एजुकेशन के एनसीसी छात्रों ने कालेज प्रशासन पर एनसीसी के नाम पर फीस वसूली करने और सर्टिफिकेट न देने का आरोप लगाते हुए कैबिनेट मंत्री से कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शुक्रवार को कई छात्रों ने कैबिनेट मंत्री सुरेश राणा को ज्ञापन सौंपा। बताया कि वे जलालाबाद के एल्पाइन कालेज आफ एजुकेशन के छात्र हैं। कालेज में प्रवेश के समय कालेज प्रबंधन ने बताया कि कालेज में एनसीसी की मान्यता है और उन्हें प्रवेश दे दिया। कालेज प्रबंधन ने उनसे एनसीसी की फीस भी वसूली तथा कुछ दिनों तक ट्रेनिंग कराई गई। इसके बाद कहा कि उन्हें सी सर्टिफिकेट मिलेगा, लेकिन आज तक न तो उन्हें सर्टिफिकेट ही दिया गया है और न ही भर्ती करायी जा रही है। जब उन्होंने कालेज प्रबंधन से बात की तो उनके साथ अभद्रता कर कालेज से निकाल दिया। उन्होंने कैबिनेट मंत्री से मामले में कार्रवाई की मांग की है। मौके पर प्रिंस, मौ राकिब, अंशुल कुमार, अभिषेक चौहान, ओमकुमार, साकिब, अभिषेक, आकाश धीमान आदि भी मौजूद रहे।